Loading...

जिला कारागार में डीएम-एसएसपी का औचक निरीक्षण, बैरकों की सघन तलाशी

Gargachary Times 29 August 2026, 20:52 33 views
Firozabad
जिला कारागार में डीएम-एसएसपी का औचक निरीक्षण, बैरकों की सघन तलाशी
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर जेल की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों के अचानक जेल पहुंचने से जेल प्रशासन में हलचल मच गई।निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने विभिन्न बैरकों में पहुंचकर बंदियों के रहने, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा। अधिकारियों ने कुछ बैरकों में बंदियों के सामान की सघन चेकिंग भी कराई, ताकि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित सामग्री की मौजूदगी न हो। इसके बाद जिलाधिकारी और एसएसपी ने जेल में निरुद्ध बीमार बंदियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। अधिकारियों ने मरीज बंदियों को फल भी वितरित किए। डीएम ने जेल प्रशासन और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि बीमार बंदियों के उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने जेल के कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और उनकी स्थिति की जानकारी ली। जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने संबंधित कार्मिकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि जिला कारागार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ बंदियों की स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए। परिसर में 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।
Follow Samachar24