नांदी फाउंडेशन और राजीव एकेडमी ने कौशल विकास को मिलाए हाथ, इस अनुबंध से छात्र-छात्राओं की रोजगारपरक क्षमता का होगा विकास
Gargachary Times
29 August 2026, 21:21
47 views
Education
मथुरा। राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, मथुरा और नांदी फाउंडेशन, हैदराबाद के महिंद्रा प्राइड क्लासरूम प्रोग्राम के बीच छात्र-छात्राओं के कौशल एवं रोजगारपरक क्षमता विकास के लिए एक समझौता हुआ है। इस समझौते पर राजीव एकेडमी की ओर से निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना तथा नांदी फाउंडेशन की ओर से प्रोग्राम मैनेजर तरुण शर्मा ने हस्ताक्षर किए।
समझौते के बाद दोनों संस्थान प्रमुखों ने उम्मीद जताई कि इस अनुबंध से युवा पीढ़ी को अपना कौशल निखारने तथा स्वर्णिम करियर बनाने में मदद मिलेगी। दोनों संस्थाओं की इस पहल से विद्यार्थियों को पाइथन कोडिंग, डिजिटल लिटरेसी, कार्यस्थल के लिए अंग्रेजी, सॉफ्ट स्किल्स, कम्युनिकेशन स्किल्स, लाइफ स्किल्स तथा इंटरव्यू की तैयारी सहित विभिन्न रोजगारपरक एवं न्यू एज स्किल्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि 40 से 120 घंटे तक होगी।
नांदी फाउंडेशन द्वारा सामाजिक एवं आर्थिक रूप से वंचित विद्यार्थियों के लिए यह प्रशिक्षण बिना किसी शुल्क के प्रदान किया जाएगा। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने वाले तथा आवश्यक उपस्थिति एवं मूल्यांकन मानकों को पूरा करने वाले विद्यार्थियों को नांदी फाउंडेशन द्वारा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
संस्थान के डायरेक्टर डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, संचार क्षमता, व्यक्तित्व विकास और रोजगारपरक कौशल का होना भी आवश्यक है। नांदी फाउंडेशन के साथ यह सहयोग विद्यार्थियों को उद्योग एवं रोजगार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
संस्थान के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि राजीव एकेडमी सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। इस प्रकार के कौशल विकास कार्यक्रम विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त करने में भी सहायक होंगे। उन्होंने इस अनुबंध को विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।