महाराजा खेत सिंह खंगार की जयंती पर अखिलेश यादव ने किया नमन
Gargachary Times
30 August 2026, 19:41
47 views
Lucknow
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आज महाराजा खेत सिंह खंगार की जयंती मनायी गयी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महाराजा खेत सिंह खंगार के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से सैकड़ों की संख्या में खंगार समाज के लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
महाराजा खेत सिंह खंगार, जो गुजरात के जूनागढ़ के राजा थे और पृथ्वीराज चौहान के घनिष्ठ मित्र थे, ने अपने पराक्रम के बल पर गढ़ कुंडार एवं महोबा का राज्य भी प्राप्त कर लिया था। वर्तमान बुंदेलखंड का नाम बदलकर अपनी जुझारू नीतियों के चलते जुझौतिखंड रखा था। ऐसे प्रबल प्रतापी राजा खेत सिंह खंगार की पुण्यतिथि पर आज खंगार समाज के सैकड़ों लोगों ने श्री मेघनाथ खंगार की अगुवाई में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
अखिलेश यादव ने जयंती समारोह में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी लोग महाराज खेत सिंह खंगार को याद कर रहे हैं। प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर खंगार-अर्कवंशी समाज को राजनीतिक सम्मान देकर उनका मनोबल बढ़ाएंगे। उन्हें लाल बत्ती दी जायेगी।
अखिलेश यादव ने खंगार समाज को भरोसा दिलाया कि लखनऊ की सबसे प्रतिष्ठित और कीमती जगह गोमती रिवरफ्रंट पर महाराजा खेत सिंह खंगार की अष्टधातु की प्रतिमा लगाकर सम्मान देंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि महाराजा खेत सिंह खंगार का लम्बा और शानदार इतिहास है। वह वीर पुरुष थे। अनेक लड़ाइयों में उनकी बड़ी भूमिका रही है। महाराजा खेत सिंह खंगार ने जितनी वीरता के साथ, उस समय मुकाबला किया, अपने समाज के लिए काम किया, उन्हें उतना सम्मान नहीं मिला।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहती है कि जातीय जनगणना हो और खंगार समाज को आबादी के हिसाब से हक और सम्मान मिले। भाजपा जनता को धोखा दे रही है। जनता जातीय जनगणना की मांग कर रही है। हर जाति की गिनती हो। सभी को आबादी के हिसाब से हक और सम्मान मिले, लेकिन भाजपा लेकिन भाजपा जातीय जनगणना नहीं कराना चाहती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर भाजपा सरकार जातीय जनगणना नहीं कराएगी तो समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही तीन महीने में जातीय जनगणना कराकर आबादी के हिसाब से हक दिलाएंगे, उसके साथ ही खंगार समाज को राजनीतिक सम्मान दिलाएंगे। कई जिलों में खंगार समाज की आबादी काफी ज्यादा है लेकिन राजनीतिक सम्मान नहीं मिला।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में संडीला में ऐतिहासिक कार्यक्रम हुआ था। हरदोई, बुन्देलखंड समेत अन्य जिलों से बड़ी संख्या में अर्कवंशी समाज के लोग आये थे। उस समय जो एक दल हमारे साथ थे, हमें ही धोखा देकर चले गये। अगर वे हमें धोखा दे सकते हैं तो अर्कवंशी और खंगार समाज को धोखा क्यों नहीं देंगे।
अखिलेश यादव ने अर्कवंशी खंगार समाज से समाजवादी पार्टी का साथ देने की अपील करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी पूरा सम्मान देगी। हमें खंगार-अर्कवंशी समाज पर पूरा भरोसा है। समाजवादी पार्टी संगठन में इस समाज के लोगों को पद दिए गए थे। आने वाले समय में और लोगों को संगठन में लिया जाएगा। सरकार बनने पर सत्ता में भागीदारी देंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोगों ने महाराजा खेत सिंह खंगार की प्रतिमा में भी घोटाला कर दिया। पता नहीं कौन सा मसाला लगाया कि प्रतिमा टूट गयी। उन्होंने कहा कि जो लोग अपने पहले प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष (अटल बिहारी बाजपेयी) की प्रतिमा में कमीशन खा गये। उनसे क्या उम्मीद कर सकते हैं?
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में महाराजा खेत सिंह खंगार की अष्टधातु की प्रतिमा लगवायी जाएगी। जो कभी नहीं टूटेगी। इसके साथ ही पंचायत चुनाव में खंगार समाज के लोग जहां-जहां लड़ेंगे, समाजवादी पार्टी के लोग पूरी मदद करेंगे। समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर महिलाओं को हर साल 40 हजार रूपये पेंशन देगी। समाज के जिन वर्गो की महिलाओं को आज तक लाभ नहीं मिला, उन्हें आगे करके पेंशन और सम्मान देंगे। बेटियों को आगे की पढ़ाई के लिए कन्या विद्याधन देंगे।
भाजपा सरकार में लूट और महाडकैती हो रही है। हर योजना, हर कार्य में भ्रष्टाचार है। उसी पैसे को बचाकर माताओं-बहनों, महिलाओं को सम्मान देंगे।
समाजवादी पार्टी की सदस्यता लेने वालों में प्रमुख हैं राम सनेही खंगार, भोला नाथ खंगार, फेरन लाल अहिरवार पूर्व विधायक, रविन्द्र सिंह खंगार, दिवाकर सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, विशाल अर्कवंशी, विजय सिंह, सुनील खंगार, भूपेन्द्र सिंह, भानु प्रताप सिंह, महेन्द्र सिंह यादव, लखन यादव एडवोकेट, नंद किशोर यादव, पंकजा सिंह, रंजना सिंह खंगार, ताराचंद्र, वीरेन्द्र सिंह, जितेन्द्र सिंह सलूजा, आनंद अर्कवंशी, अभिषेक अर्कवंशी, राहुल अर्कवंशी, सतीश अर्कवंशी, संतोष सिंह खंगार, शत्रुघ्न सिंह, लालता सिंह, दलजीत सिंह, महेश खंगार एडवोकेट, शरद खंगार, कामता प्रसाद, सतीश परिहार, शिव प्रताप सिंह आदि तमाम साथियों के साथ शामिल हुए।
इस अवसर पर राजेन्द्र चौधरी पूर्व कैबिनेट मंत्री, श्याम लाल पाल प्रदेश अध्यक्ष, राजकुमार भाटी प्रवक्ता, अविलेश सिंह राष्ट्रीय सचिव एवं नेपाल सिंह यादव जिलाध्यक्ष की मौजूदगी उल्लेखनीय रही।