किरायेदार बनकर घरों में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, ज्वैलरी-नकदी और नींद की गोलियां बरामद
Gargachary Times
30 August 2026, 20:47
41 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना शिकोहाबाद पुलिस और सर्विलांस टीम ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की ज्वैलरी, 4,300 रुपये नकद, नींद की गोलियां, अवैध चाकू समेत चोरी में इस्तेमाल होने वाले प्लास और पेचकस बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर किरायेदार बनकर घरों में चोरी करने की बात स्वीकार की है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने कृष्ण उर्फ कन्हैया उर्फ धीरज पुत्र छोटेलाल निवासी संजय गांधी कॉलोनी, थाना क्वार्सी, अलीगढ़ और दीपू पुत्र महेश निवासी ज्वालापुरी, थाना क्वार्सी, अलीगढ़ को नौशहरा रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी की पानी की टंकी के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी थाना शिकोहाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 380/2026 से संबंधित चोरी की घटना में वांछित थे। 21/22 मई 2026 की रात वादिया के मकान से नकदी, ज्वैलरी और अन्य सामान चोरी हुआ था।गिरफ्तार आरोपी कृष्ण के कब्जे से दो कुंडल, एक चेन, तीन नींद की गोलियां, 3,200 रुपये और एक अवैध चाकू बरामद हुआ। वहीं दीपू के पास से दो कुंडल, एक लेडीज अंगूठी, दो नींद की गोलियां और 1,200 रुपये मिले। दोनों के पास से प्लास और पेचकस भी बरामद किए गए। अवैध चाकू मिलने के मामले में कृष्ण के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।रसगुल्ले में नींद की गोली मिलाकर करते थे चोरी पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बबलू पुत्र अर्जुन निवासी अलीगढ़ के साथ मिलकर किरायेदार बनकर लोगों के घरों में चोरी की। आरोपियों के अनुसार करीब तीन माह पूर्व शिकोहाबाद की शान वाली गली, कटरा मीरा निवासी मुरलीलाल गुप्ता के मकान में परिवार के सदस्यों को रसगुल्ले में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाई गई थीं। परिवार के सदस्यों के सो जाने के बाद आरोपियों ने घर से ज्वैलरी और नकदी चोरी की। पुलिस ने बरामद ज्वैलरी और नकदी को इसी घटना का माल बताया है। आरोपियों ने चोरी का शेष माल अपने साथी बबलू के पास होने की जानकारी दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कृष्ण के खिलाफ पूर्व में अलीगढ़ जनपद के विभिन्न थानों में लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दीपू के खिलाफ भी पूर्व में चोरी एवं धोखाधड़ी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। मामले में प्रकाश में आए बबलू की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सहित थाना शिकोहाबाद और सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मी शामिल रहे।