Loading...

नाबालिगों के ई-रिक्शा चलाने पर यातायात पुलिस सख्त, 12 ई-रिक्शा सीज

Gargachary Times 30 August 2026, 20:48 69 views
Firozabad
नाबालिगों के ई-रिक्शा चलाने पर यातायात पुलिस सख्त, 12 ई-रिक्शा सीज
फिरोजाबाद। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से फिरोजाबाद यातायात पुलिस ने नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाए जाने के खिलाफ रविवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 ई-रिक्शों को सीज कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने सिटी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान ई-रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहनों के आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई।चेकिंग के दौरान नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा संचालित किए जाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 12 ई-रिक्शों को सीज किया गया। यातायात पुलिस ने अभिभावकों और वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन चलाने की अनुमति न दें। साथ ही बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के किसी व्यक्ति से वाहन का संचालन न कराएं। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। यातायात पुलिस के अनुसार जनपद में सड़क सुरक्षा, सुगम यातायात और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और वाहन स्वामियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
Follow Samachar24