Loading...

मिशन शक्ति केंद्रों को बनाया जाएगा और प्रभावी, प्रभारियों व महिला रिक्रूट्स को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

Gargachary Times 30 August 2026, 20:49 46 views
Firozabad
मिशन शक्ति केंद्रों को बनाया जाएगा और प्रभावी, प्रभारियों व महिला रिक्रूट्स को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
फिरोजाबाद। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति-05 अभियान के तहत फिरोजाबाद पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में रविवार को पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में सभी मिशन शक्ति केंद्रों (MSK) के प्रभारियों, टीमों एवं महिला रिक्रूट्स के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सिरसागंज के मार्गदर्शन और उपस्थिति में किया गया। जनपद में वर्तमान में 23 मिशन शक्ति केंद्र सक्रिय रूप से संचालित हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य इन केंद्रों की कार्यप्रणाली को आधुनिक, संवेदनशील और प्रभावी बनाना रहा।कार्यशाला में मिशन शक्ति केंद्र पोर्टल के संचालन एवं शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण को लेकर विस्तृत तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही महिलाओं के खिलाफ होने वाले आधुनिक एवं डिजिटल अपराधों से निपटने के लिए एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की कार्यप्रणाली से टीमों को अवगत कराया गया। प्रशिक्षण में मिशन शक्ति केंद्र को पीड़ित महिलाओं के लिए एकल संपर्क बिंदु के रूप में प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। महिला के थाने पहुंचने से लेकर उसे आवश्यक काउंसलिंग, विधिक एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने तथा मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाने तक की प्रक्रिया को संवेदनशीलता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए। मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से महिला शिकायतकर्ताओं के प्रति तत्परता एवं प्राथमिकता, एंटी रोमियो स्क्वाड, महिला बीट प्रणाली और महिला हेल्प डेस्क के प्रभावी संचालन, महिला अपराधों से जुड़े मुकदमों की मॉनीटरिंग तथा महिलाओं के अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी प्रशिक्षण दिया गया। फिरोजाबाद पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के साथ-साथ शिकायतों के प्रभावी निस्तारण और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Follow Samachar24