Loading...

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, डीएम-एसएसपी ने ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का किया निरीक्षण

Gargachary Times 30 August 2026, 20:49 43 views
Firozabad
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, डीएम-एसएसपी ने ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का किया निरीक्षण
फिरोजाबाद। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार 29 अगस्त को अपराह्न 1:30 बजे जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने ईवीएम/वीवीपैट की एफएलसी (फर्स्ट लेवल चेकिंग) की तैयारियों के संबंध में वेयर हाउस का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एफएलसी कार्य को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वेयर हाउस के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक पुलिस नोडल अधिकारी नामित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने एफएलसी कार्य से पहले वेयर हाउस परिसर में साफ-सफाई, पीने के पानी, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पूरे वेयर हाउस को सैनिटाइज कराने के निर्देश प्रभारी अधिकारी को दिए। निरीक्षण के दौरान एफएलसी के समय जिन स्थानों पर बैरिकेडिंग की जानी है, उनकी जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल ने जिलाधिकारी को दी। जिलाधिकारी ने एफएलसी कार्य के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करने और उन्हें उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि एफएलसी का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल, प्रभारी अधिकारी ईवीएम/वीवीपैट सुमित कुमार चौहान तथा निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24