आपदा, मेले-त्योहार और शांति व्यवस्था में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की भूमिका अहम : डीएम
Gargachary Times
31 August 2026, 20:42
50 views
Firozabad
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नागरिक सुरक्षा कोर के स्वयंसेवकों एवं आरक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी मोहनलाल गुप्ता भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नागरिक सुरक्षा कोर के 85 नागरिक आरक्षकों को उनके अधिकृत पहचान पत्र प्रदान किए। उन्होंने सभी आरक्षकों से निःस्वार्थ भाव से सेवा करने, जन सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के सभी 75 जनपदों में नागरिक सुरक्षा कोर का विस्तार किया गया है। वर्ष 2009 के संशोधन के बाद आपदा प्रबंधन को भी नागरिक सुरक्षा के वैधानिक कार्यों में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा कोर में सक्रिय भागीदारी के लिए 60 वर्ष तक की आयु के सदस्यों की भर्ती को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने के उद्देश्य से महिलाओं और युवाओं को भी प्रभावी प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
डीएम ने आरक्षकों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि शांति के समय नागरिकों की सुरक्षा और समाज की निःस्वार्थ सेवा सबसे बड़ा धर्म है। नागरिक सुरक्षा कोर महज औपचारिक पद नहीं, बल्कि देशप्रेम और समर्पण की जीवंत मिसाल है। उन्होंने कहा कि आपदा, मेले-त्योहार अथवा शांति व्यवस्था बनाए रखने में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रहती है।
उन्होंने सभी आरक्षकों से समाज के अंतिम व्यक्ति की सुरक्षा का कवच बनने और पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी 85 आरक्षकों ने सुरक्षा, अनुशासन और निःस्वार्थ सेवा बनाए रखने का संकल्प लिया।