Loading...

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, ईवीएम की एफएलसी को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक

Gargachary Times 31 August 2026, 20:42 44 views
Firozabad
विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, ईवीएम की एफएलसी को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।बैठक में जिलाधिकारी ने एफएलसी की पूरी प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट की गहन जांच की जाएगी। एक मशीन की जांच में करीब 25 से 30 मिनट का समय लगेगा। सही पाई जाने वाली मशीनों पर ‘एफएलसी ओके’ का ग्रीन स्टीकर लगाया जाएगा, जबकि खराब मशीनों पर रेड स्टीकर लगाकर संबंधित निर्माता कंपनी को वापस भेजा जाएगा। एफएलसी स्थल पर पारदर्शिता के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 24×7 लाइव वेबकास्टिंग के जरिए पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। सुरक्षा कारणों से परिसर में मोबाइल कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य गैजेट ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अधिकृत प्रतिनिधियों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने को कहा। एक समय में प्रत्येक दल का केवल एक अधिकृत प्रतिनिधि ही एफएलसी हॉल में मौजूद रह सकेगा। प्रतिनिधि अपनी उपस्थिति में मशीनों का मॉकपोल कराकर प्रक्रिया की शुद्धता की जांच भी कर सकेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि एफएलसी का उद्देश्य मतदान दिवस पर मशीनों में खराबी की संभावना को समाप्त करना है, ताकि मतदान में किसी प्रकार की बाधा न आए। एफएलसी प्रक्रिया 2 सितंबर से प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, एसडीएम अवधेश कुमार निगम, अंकित वर्मा, जिला कृषि अधिकारी सुमित चौहान सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Follow Samachar24