150 छात्राएं प्रत्यक्ष और 4800 से अधिक छात्र-छात्राएं ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ीं
Gargachary Times
31 August 2026, 20:43
45 views
Firozabad
‘‘अधिकारियों का साथ सफलता का मार्ग’’ कार्यक्रम की श्रृंखला के अंतर्गत सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने बीडीएम कन्या इंटर कॉलेज, शिकोहाबाद पहुंचकर छात्र-छात्राओं को कैरियर एवं सफलता के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में विद्यालय की 150 छात्राएं प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहीं, जबकि ऑनलाइन माध्यम से 4800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सीडीओ ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में भटकाव से बचना बेहद जरूरी है। जो विद्यार्थी अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाते हैं, वही जीवन में आगे बढ़ते हैं। उन्होंने पढ़ाई के प्रभावी तरीकों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को पढ़ी हुई विषय-वस्तु का नियमित रूप से दोहराव करने की सलाह दी।
डिजिटल युग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताने के बजाय विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल ऐसी सामग्री पढ़ें और देखें, जो उनके ज्ञान एवं लक्ष्य प्राप्ति में सहायक हो।
सीडीओ ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जीवन में कभी निराश नहीं होना चाहिए और असफलता से घबराना नहीं चाहिए, क्योंकि असफलता से होकर ही सफलता का रास्ता निकलता है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, ईमानदारी और कठोर परिश्रम सफलता की सबसे मजबूत सीढ़ियां हैं।
कार्यक्रम के दौरान सीडीओ ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। छात्र-छात्राओं ने अपने जीवन के उद्देश्य और सपनों को साझा किया, जिस पर उन्होंने उचित मार्गदर्शन देते हुए सफलता के उपाय बताए। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।