नाबालिगों के ई-रिक्शा चलाने पर यातायात पुलिस का शिकंजा, 13 ई-रिक्शा सीज
Gargachary Times
1 September 2026, 21:21
9 views
Firozabad
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाए जाने के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। मंगलवार को सिटी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस टीम ने सघन जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ई-रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहनों के आवश्यक अभिलेखों की जांच की। चेकिंग में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने कुल 13 ई-रिक्शों को सीज किया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। कम उम्र में वाहन चलाने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और वाहन स्वामियों पर कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने अभिभावकों और वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन चलाने की अनुमति न दें और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन का संचालन न कराएं।पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में सड़क सुरक्षा, दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।