Loading...

कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों का डीएम ने किया निरीक्षण, किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

Gargachary Times 1 September 2026, 21:24 6 views
Firozabad
कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों का डीएम ने किया निरीक्षण, किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने मंगलवार को सिरसागंज तहसील क्षेत्र के राम कबीरपुर स्थित मैसर्स मेकम्स बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड तथा बीआरएस बायो प्लांट प्राइवेट लिमिटेड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कृषि आधारित उद्योगों की गतिविधियों का जायजा लेते हुए स्थानीय किसानों और युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार एवं आर्थिक लाभ दिलाने पर जोर दिया। मेकम्स बायोटेक के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्लांट की विभिन्न इकाइयों, उत्पाद श्रृंखला और प्रोसेसिंग गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने प्रबंधन को निर्देश दिए कि स्थानीय किसानों से उनकी उपज की खरीद पारदर्शी तरीके से की जाए, जिससे अधिक से अधिक किसान इस व्यवस्था से जुड़ सकें और उन्हें अपनी फसलों का बेहतर एवं लाभकारी मूल्य मिल सके।अधिकारियों को बताया गया कि प्लांट में हल्दी एक्सट्रैक्ट, अश्वगंधा रूट पाउडर और पोस्बेलिया सिराटा सहित औषधीय घटकों के निर्माण के लिए कच्चा माल सीधे किसानों से खरीदा जाता है। प्लांट में कार्यरत जनशक्ति में करीब 95 प्रतिशत लोग फिरोजाबाद जनपद के हैं। जिलाधिकारी ने स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बताया गया कि यहां तैयार उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों का अंतरराष्ट्रीय बाजार में निर्यात किया जा रहा है। इसके बाद डीएम ने बीआरएस बायो प्लांट का निरीक्षण किया, जहां टिशू कल्चर तकनीक से केले और आलू के बीज तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने संस्थान के कार्य की सराहना करते हुए संचालिका हेमा सिंह को नारी स्वावलंबन के क्षेत्र में बेहतर संचालन के लिए सम्मानित करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान जिला उद्यान अधिकारी सीपी अवस्थी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24