आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला, फिरोजाबाद में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण
Gargachary Times
2 September 2026, 20:49
30 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित और बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारंभ के अवसर पर बुधवार को फिरोजाबाद के पालीवाल हॉल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ से संबोधन एवं कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य और नगर आयुक्त प्रशांत नागर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जनपद के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।कार्यक्रम में बताया गया कि अब आउटसोर्स कर्मियों को प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। नए और पुराने सभी कर्मचारियों के ईपीएफ एवं ईएसआई खाते अनिवार्य रूप से खोले जाएंगे तथा मानदेय का भुगतान सीधे बैंक खातों में किया जाएगा। कमीशन व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के साथ एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, महिला एवं दिव्यांगजनों के लिए आरक्षण नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार का यह निर्णय आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि किसी सेवा प्रदाता संस्था द्वारा कर्मचारियों के उत्पीड़न की स्थिति में शिकायतों के प्रभावी निस्तारण की व्यवस्था होगी। निगम के गठन से सरकारी विभागों में आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय और सुविधाओं में एकरूपता आएगी।सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि पहले आउटसोर्स कर्मचारियों को बेहद कम मानदेय मिलता था और नौकरी की निश्चितता भी नहीं थी। नई व्यवस्था में कर्मचारियों को चार श्रेणियों में बांटा गया है। श्रेणी-1 में न्यूनतम 40 हजार, श्रेणी-2 में 25 हजार, श्रेणी-3 में 22 हजार और श्रेणी-4 में 20 हजार रुपये न्यूनतम मानदेय निर्धारित किया गया है।इस अवसर पर विभिन्न आउटसोर्स कर्मियों को प्रमाण पत्र एवं किट वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के लखनऊ स्थित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा और सुना गया।