Loading...

अरांव पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को तमंचे और कारतूस समेत किया गिरफ्तार

Gargachary Times 3 September 2026, 20:26 34 views
Firozabad
अरांव पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को तमंचे और कारतूस समेत किया गिरफ्तार
फिरोजाबाद। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अरांव पुलिस ने दो आरोपियों को अवैध असलहों और नकदी समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लूट की वारदात से संबंधित मुकदमे में वांछित थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी सिरसागंज के नेतृत्व में थाना अरांव पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने अरांव पेट्रोल पंप के पास टोडरपुर-बोथरी जाने वाले रास्ते से रणजीत पुत्र गजवीर सिंह और लालू पुत्र गजवीर सिंह, निवासी नसूरपुर सजैती, थाना जसराना, फिरोजाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस तथा 1,930 रुपये नकद बरामद किए। दोनों आरोपी थाना अरांव में दर्ज मुकदमा संख्या 134/2026 से संबंधित बताए गए हैं। बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी रणजीत के खिलाफ इटावा और फिरोजाबाद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं लालू के खिलाफ भी चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत पूर्व में कई मामले दर्ज बताए गए हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ऋषि कुमार, उपनिरीक्षक सुधीर कुमार, मो. नफीस, दुशासन सिंह, हेड कांस्टेबल बाबू जालिम सिंह, हेड कांस्टेबल मो. आफताब और कांस्टेबल सुमित कुमार शामिल रहे।
Follow Samachar24