Loading...

रामगढ़ पुलिस ने 345 मुकदमों में जब्त माल का कराया निस्तारण, 8.17 लाख की अवैध शराब नष्ट

Gargachary Times 3 September 2026, 20:28 33 views
Firozabad
रामगढ़ पुलिस ने 345 मुकदमों में जब्त माल का कराया निस्तारण, 8.17 लाख की अवैध शराब नष्ट
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद आबकारी और जुआ अधिनियम से जुड़े कुल 345 अभियोगों में जब्त माल का नियमानुसार निस्तारण कराया। कार्रवाई के दौरान करीब 8.17 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब तथा जुआ मामलों में बरामद 1.99 लाख रुपये का माल निस्तारित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नोडल अधिकारी माल अनुज चौधरी के पर्यवेक्षण में गुरुवार को यह कार्रवाई की गई। नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ संजीव कुमार दुबे की मौजूदगी में माल का निस्तारण कराया गया। पुलिस के अनुसार आबकारी अधिनियम के 116 अभियोगों से संबंधित कुल 2,071 लीटर अवैध देशी शराब, 120 केन बीयर और 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद थी। इसकी अनुमानित कीमत करीब 8,17,485 रुपये बताई गई है। न्यायालय सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/एफटीसी/एसीजेएम फिरोजाबाद के आदेश के बाद शराब का फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराकर नियमानुसार विनिष्टीकरण कराया गया।इसी प्रकार जुआ अधिनियम के 229 अभियोगों से संबंधित 1,99,585 रुपये की मालफड़ धनराशि को राजकीय कोष में जमा कराया गया। वहीं ताश के पत्ते, सट्टा पर्चे आदि शेष सामग्री को आग लगाकर वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी के बीच नियमानुसार नष्ट किया गया।कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार और हेड मोहर्रिर उमेश चन्द्र सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
Follow Samachar24