कृष्ण भक्ति में रंगा वृंदावन, राधा नील माधव मंदिर में जन्माष्टमी उत्सव का आगाज
Gargachary Times
3 September 2026, 20:29
36 views
Mathura
वृंदावन। ठाकुर श्री राधा नील माधव जी महाराज मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक समारोह का शुभारंभ गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में हुआ। महोत्सव के पहले दिन मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ संपन्न कराया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आहुतियां अर्पित कर सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की।
महाराज प्रणव अवस्थी के सान्निध्य में शुरू हुए इस आयोजन में श्रीकृष्ण कथा का भी आयोजन हुआ। कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी लीलाओं और उनके द्वारा दिए गए आध्यात्मिक संदेशों का वर्णन किया गया। कथा श्रवण के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और वातावरण भजन-कीर्तन तथा कृष्ण नाम के जयघोष से गुंजायमान रहा।
महोत्सव में भाजपा के नेशनल को-इंचार्ज रिसर्च एंड पॉलिसी विनय चौधरी तथा सौरभ गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं से परिचित कराने के साथ समाज में आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।
महाराज प्रणव अवस्थी ने कहा कि जन्माष्टमी केवल उत्सव नहीं बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में उतारने का अवसर है। उनके अनुसार श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, करुणा, सत्य और धर्म के प्रति समर्पण का संदेश देता है। महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही मंदिर में भक्तिमय माहौल बन गया और आगामी आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया।