शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस की कार्रवाई, चार चालकों के खिलाफ केस
Gargachary Times
4 September 2026, 20:32
38 views
Firozabad
फिरोजाबाद। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए फिरोजाबाद यातायात पुलिस ने शुक्रवार को नगर क्षेत्र में शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात पुलिस टीम ने वाहन चालकों की जांच ब्रीथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से की। जांच में शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए चार वाहन चालकों के खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव सहित मोटर वाहन अधिनियम की अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब के नशे में वाहन चलाने से चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। ऐसे में शराब का सेवन करने के बाद वाहन चलाने से पूरी तरह बचने की अपील की गई।
यातायात पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा शराब पीकर किसी भी स्थिति में वाहन न चलाने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।