आलू किसानों को बाजार भाव में उतार-चढ़ाव से मिलेगी राहत, डीएम ने योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश
Gargachary Times
4 September 2026, 20:33
64 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आलू उत्पादक किसानों के हितों की सुरक्षा और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, उद्यान विभाग के अधिकारी, संबंधित विभागों के प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए आलू उत्पादक किसानों ने भाग लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लागू ‘भामाशाह भाव स्थिरता कोष’ तथा ‘निजी शीतगृहों में भंडारित आलू के भंडारण प्रभार पर अनुदान’ योजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र किसानों को लाभान्वित कराया जाए।भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना के तहत अधिकतम दो हेक्टेयर रोपित क्षेत्रफल के लिए प्रति किसान 200 कुंतल प्रति हेक्टेयर की दर से अनुदान देय होगा। किसानों को न्यूनतम उत्पादन लागत के 25 प्रतिशत अथवा अंतर की धनराशि का लाभ मिलेगा।
वहीं निजी शीतगृहों में भंडारित आलू पर 100 रुपये प्रति कुंतल की दर से अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए अधिकतम दो हेक्टेयर क्षेत्रफल और 200 कुंतल प्रति हेक्टेयर की सीमा निर्धारित है। अनुदान के लिए कोल्ड स्टोरेज से आलू निकासी का प्रमाण-पत्र जरूरी होगा।अनुदान की राशि किसान के आधार-सीडेड बैंक खाते में DBT के माध्यम से भेजी जाएगी। किसान उद्यान विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद रसीद, पहचान पत्र, बैंक पासबुक, खसरा-खतौनी और कोल्ड स्टोरेज की तकपट्टी की छायाप्रति जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में जमा करनी होगी।डीएम ने अधिकारियों को आवेदन प्रक्रिया सरल एवं पारदर्शी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद आलू उत्पादन के लिए प्रमुख क्षेत्र है, ऐसे में योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।