राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर को, फिरोजाबाद में 2.50 लाख वादों के निस्तारण का लक्ष्य
Gargachary Times
5 September 2026, 20:22
42 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन और अधिकाधिक मामलों के निस्तारण को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शनिवार को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री योगेश शिवा ने प्रेस वार्ता कर राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों और निर्धारित लक्ष्य की जानकारी दी।
सचिव ने बताया कि जनपद फिरोजाबाद में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से 2.50 लाख वादों के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए न्यायालयों, विभिन्न विभागों और संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों को चिन्हित कर उनके अधिकाधिक निस्तारण के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का शीघ्र, सरल और प्रभावी समाधान कर पक्षकारों को सस्ता, सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निस्तारण होने पर पक्षकारों के समय और धन की बचत होती है तथा लंबे समय से चल रहे विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव होता है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में ऐसे लंबित और प्री-लिटिगेशन मामलों को शामिल किया जाएगा, जिनका निस्तारण विधि के अनुसार सुलह-समझौते के आधार पर किया जा सकता है। सचिव ने आमजन से अपील की कि वे अपने मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक सहभागिता करें।
प्रेस वार्ता में मीडिया प्रतिनिधियों से भी लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील की गई, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके और निर्धारित 2.50 लाख वादों के निस्तारण का लक्ष्य हासिल किया जा सके।