Loading...

शिक्षक दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ शिक्षक सम्मान समारोह, उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित

Gargachary Times 5 September 2026, 20:23 57 views
Firozabad
शिक्षक दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ शिक्षक सम्मान समारोह, उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित
फिरोजाबाद। शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मेयर कामिनी राठौर एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जयसवाल की उपस्थिति में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का लखनऊ से सीधा प्रसारण भी उपस्थित लोगों ने देखा। समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि समाज में शिक्षकों के प्रति सम्मान और निष्ठा लगातार बढ़ी है, जिसके लिए शिक्षक स्वयं बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अन्य पेशों और प्रशासनिक पदों की तुलना में शिक्षकों को मां सरस्वती की कृपा से स्वतंत्रता एवं सम्मान के साथ अध्यापन कराने का अनूठा अवसर मिलता है। शिक्षक और विद्यार्थी के बीच अनुशासन, संवाद एवं स्नेह जीवनभर अमिट छाप छोड़ता है।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षण कार्य केवल किसी विषय को पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश और समाज के भविष्य का निर्माण करने जैसा पवित्र दायित्व है। उन्होंने कहा कि समारोह में दिया गया सम्मान प्रतीकात्मक है और इसके माध्यम से जनपद के सभी शिक्षकों का सम्मान निहित है। प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा बच्चों के जीवन और भविष्य की मजबूत नींव है।उन्होंने शिक्षकों से विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने, स्मार्ट क्लास का प्रभावी उपयोग करने, निरंतर नया सीखने और प्रशिक्षणों का पूरा लाभ उठाकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की अपील की। उन्होंने शिक्षकों से प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप प्रत्येक सप्ताह दो घंटे श्रमदान कर विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित रखने का आह्वान भी किया। मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि शिक्षक समाज के आधार स्तंभ हैं। एक शिक्षक की गलती का प्रभाव केवल एक विद्यार्थी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उससे सभ्य समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण पर असर पड़ सकता है। इसलिए शिक्षकों की जिम्मेदारी समाज और राष्ट्र के प्रति अत्यंत महत्वपूर्ण है। समारोह में माध्यमिक शिक्षा के डॉ. सुनील यादव, डॉ. सीमा यादव, योगेंद्र सिंह, शिवांगी लवानिया, यतेंद्र कुमार, हिमांशु शर्मा, महेश चंद दुबे, नारायण सिंह एवं हरेंद्र सिंह सहित विभिन्न शिक्षकों को सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट शिक्षण के लिए रश्मि सिंह, दीपक बंसल, अखिलेश कुमार एवं नेहा सक्सैना तथा विशेष स्वच्छता अभियान में बेहतर कार्य करने वाले विनोद कुमार, मनोज कुमार, हरिप्रसाद और मयंक रावत को भी सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24