खेत पर गाय रखने जा रहे किसान को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत
Gargachary Times
6 September 2026, 21:23
64 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना जसराना क्षेत्र के गांव नगला कलियान में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। खेत पर गाय रखने जा रहे किसान संजीव कुमार पुत्र तिलक सिंह को पटीकरा नहर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान जसराना के सरकारी अस्पताल में उनकी मौत हो गई।मृतक के भाई पंचम ने बताया कि संजीव कुमार खेत पर गाय रखने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संजीव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायल किसान को आनन-फानन में उपचार के लिए जसराना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उपचार का प्रयास किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान संजीव कुमार की मौत हो गई।
घटना के बाद मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गया। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी गांव के एक युवक ने बाइक सवार को मौके से भगाने में मदद की। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार बाइक सवार की पहचान और तलाश में जुटी है। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।