आयुष्मान आरोग्य मेले में 1255 मरीजों का इलाज, डीएम ने हेल्थ सेंटर का किया औचक निरीक्षण
Gargachary Times
6 September 2026, 21:27
39 views
Firozabad
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने रविवार को ककरऊ कोठी स्थित नगरीय हेल्थ एवं वैलनेस सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर आयोजित आयुष्मान आरोग्य मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी को बताया गया कि ककरऊ कोठी स्थित केंद्र पर आयोजित आरोग्य मेले में रविवार को कुल 64 मरीज पहुंचे। निरीक्षण के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर का बैनर केंद्र के सामने न लगा होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि बैनर सामने स्पष्ट रूप से लगा होना चाहिए, ताकि मरीजों को केंद्र की पहचान और यहां उपलब्ध सुविधाओं को लेकर किसी प्रकार का भ्रम न हो।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में आयुष्मान आरोग्य मेले के तहत रविवार को 69 स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 1,255 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें 591 पुरुष, 469 महिलाएं और 195 बच्चे शामिल रहे।
डीएम ने केंद्र पर मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सहित अन्य व्यवस्थाओं की गहनता से पड़ताल की। उन्होंने उपचार के लिए पहुंचे मरीजों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। मरीजों ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मेले के दौरान उनका समुचित तरीके से उपचार किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी मरीजों की ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर समेत आवश्यक जांच अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय, एसीएमओ डॉ. मोहम्मद फारूक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।