फरह के बेरी गाँव में हरियाली की मिसाल, SMUD इंटरनेशनल स्कूल में रोपे गए 6000 पौधे
Gargachary Times
7 September 2026, 20:57
49 views
Mathura
फरह। पर्यावरण संरक्षण के लिए फरह ब्लॉक के बेरी गाँव में एक अनूठी पहल की गई। SMUD इंटरनेशनल स्कूल परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एक साथ 6 हजार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल प्रबंधक के.पी. सिंह और प्रिंसिपल जितेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने आए हुए सभी अतिथियों का फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर पूरा स्कूल परिसर हरियाली और उत्साह से भरा रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वृंदावन वंशीवट के बड़े महंत रामदास जी महाराज मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि एक वृक्ष लगाना सौ यज्ञ के समान है। वृक्ष ही हमारे जीवन का आधार हैं, हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।
वहीं गोवर्धन क्षेत्र के विधायक मेघश्याम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष के बिना जीवन अधूरा है। वृक्षों से हमें शुद्ध वायु मिलती है और वायु प्रदूषण से बचाव होता है। हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
कार्यक्रम में दीनदयाल धाम के निदेशक सोनपाल सिंह ने कहा कि वृक्ष की देखभाल बच्चे की तरह करनी चाहिए। जैसे हम छोटे बच्चे को पाल-पोस कर बड़ा करते हैं, वैसे ही पौधों की भी देखरेख और सिंचाई करनी जरूरी है, तभी वह बड़ा होकर हमें छाया और फल देगा।
इस दौरान आम, नीम, पीपल, बरगद, गुलमोहर और औषधीय पौधों व भलदार पौधों का रोपण किया गया। स्कूल के बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधों की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीण, शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।