ऋणी किसानों के लिए फसल बीमा की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 10 सितंबर तक मिलेगा मौका
Gargachary Times
7 September 2026, 20:58
68 views
Firozabad
खरीफ 2026 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत ऋणी किसानों के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब किसान 10 सितंबर 2026 तक फसल बीमा करा सकेंगे।
उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि निदेशक कृषि सांख्यिकी एवं फसल बीमा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से इस संबंध में पत्र प्राप्त हुआ है। इसके अनुसार खरीफ 2026 मौसम के लिए ऋणी कृषकों के फसल बीमा की अंतिम तिथि, जो पहले 31 अगस्त 2026 निर्धारित थी, उसे बढ़ाकर 10 सितंबर 2026 कर दिया गया है।उन्होंने जिला कृषि अधिकारी, सभी उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारियों, जिला प्रबंधक अग्रणी बैंक तथा एचडीएफसी एर्गो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के जिला प्रबंधक को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित अवधि के भीतर अधिक से अधिक ऋणी किसानों को फसल बीमा योजनाओं से आच्छादित कराना सुनिश्चित करें।
कृषि विभाग की ओर से किसानों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी फसलों का बीमा करा लें, ताकि प्राकृतिक आपदा, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों अथवा फसल क्षति की स्थिति में योजना के तहत मिलने वाले लाभ का लाभ उठाया जा सके।अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ पात्र किसानों को बीमा कराने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे अधिक से अधिक किसान फसल बीमा योजना से जुड़ सकें।