डीएम ने प्राथमिक विद्यालय किशनपुर का किया औचक निरीक्षण, बच्चों की पढ़ाई परखी
Gargachary Times
7 September 2026, 20:59
42 views
Firozabad
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को विकासखंड शिकोहाबाद के प्राथमिक विद्यालय किशनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति, मिड-डे मील, पेयजल, स्वच्छता समेत अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार भी मौजूद रहे।जिलाधिकारी ने स्वयं कक्षा-2 और कक्षा-4 में पहुंचकर बच्चों की पढ़ाई एवं पठन-पाठन की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल पूछे, जिनका कक्षा-4 की छात्रा आंचल और गुंजन ने सही उत्तर दिया। छात्रा गुंजन ने जिलाधिकारी को 18 का पहाड़ा भी बिना रुके सुनाया। छात्रा की प्रतिभा से प्रसन्न होकर जिलाधिकारी ने उसकी सराहना की। उन्होंने कक्षाओं में उपस्थित बच्चों को टॉफियां भी वितरित कीं।प्रधानाचार्या मंजू यादव ने बताया कि विद्यालय में कुल 109 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जबकि निरीक्षण के समय 66 विद्यार्थी उपस्थित मिले। विद्यालय में छह शिक्षक तैनात हैं, जिनमें से पांच शिक्षक मौके पर उपस्थित पाए गए।
डीएम ने मिड-डे मील की गुणवत्ता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन दिया जा रहा है। इसके अलावा पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था और रसोइयों के मानदेय भुगतान के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई। बताया गया कि विद्यालय में नियमित रूप से सफाई कर्मचारी द्वारा साफ-सफाई की जाती है तथा रसोइयों को पिछले माह तक का मानदेय मिल चुका है।
विद्यालय के बाहर मौजूद ग्रामीणों एवं अभिभावकों से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने प्रधानाचार्या को निर्देशित किया कि विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि पठन-पाठन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।