एसएसपी ने सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसरों के साथ की बैठक, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पर जोर
Gargachary Times
7 September 2026, 21:04
57 views
Firozabad
सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन को साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों के पालन और सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद के प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर एवं कंटेंट क्रिएटर्स के साथ बैठक की।
बैठक में एसएसपी ने वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों के संबंध में पीपीटी के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने साइबर ठगी होने पर लोगों को तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक करने की अपील की। उन्होंने बताया कि ठगी के तुरंत बाद शिकायत मिलने से धनराशि को आगे ट्रांसफर होने से रोकने की कार्रवाई समय रहते की जा सकती है।
एसएसपी ने साइबर फ्रॉड की स्थिति में गोल्डन 10 मिनट के तहत तत्काल 1930 पर कॉल करने, साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने, बैंक या यूपीआई सेवा प्रदाता को सूचना देकर खाते को सुरक्षित कराने, ट्रांजेक्शन आईडी, स्क्रीनशॉट, चैट और अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखने तथा पासवर्ड एवं यूपीआई पिन बदलने की सलाह दी। साथ ही संदिग्ध जालसाज से आगे कोई संपर्क या लेनदेन न करने को कहा।
उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसरों से अपील की कि किसी घटना से संबंधित वीडियो या सामग्री को तथ्यों की पुष्टि किए बिना वायरल अथवा शेयर न करें। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक बयान और प्रमाणिक जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
यातायात नियमों के लिए रील और वीडियो बनाने की अपील
बैठक में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। एसएसपी ने इन्फ्लूएंसरों से हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा रॉन्ग साइड वाहन न चलाने के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से छोटे-छोटे एनिमेशन, रील्स और जागरूकता वीडियो बनाकर युवाओं एवं आमजन तक सड़क सुरक्षा का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस और समाज के बीच संवाद स्थापित करने में सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके माध्यम से साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों, महिला एवं बाल सुरक्षा सहित जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी कम समय में बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाई जा सकती है।
बैठक के अंत में इन्फ्लूएंसरों ने साइबर अपराध एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस के जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही भारत सरकार की राहवीर योजना के बारे में भी लोगों को जागरूक करने की अपील की गई। योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने में मदद करने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र दिया जाता है।बैठक में पुलिस अधीक्षक/नोडल अधिकारी साइबर क्राइम राजेश घुनावत, सोशल मीडिया सेल प्रभारी ओम हरि वाजपेयी, साइबर सेल प्रभारी संजुल पाण्डेय सहित सोशल मीडिया सेल एवं साइबर सेल की पुलिस टीम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।