टूंडला में पुलिस मुठभेड़: सर्राफा दुकान में नकबजनी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, एक को लगी गोली
Gargachary Times
8 September 2026, 22:07
6 views
Firozabad
टूंडला थाना पुलिस ने 3 जुलाई को कस्बा टूंडला स्थित श्री जी ज्वैलर्स में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि श्री जी ज्वैलर्स में नकबजनी से जुड़े आरोपी पुराने बाईपास स्थित गेल गैस प्लांट के पास खाली पड़े प्लॉट में मौजूद हैं और चोरी का माल बेचने तथा किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना पर थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से दो फायर किए। जवाबी कार्रवाई में सौदागर शेख पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि गंगा उर्फ गौरव और अजीत कुमार ने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व दो खोखा कारतूस, चांदी के आभूषण, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, मंगलसूत्र, पायल, कंगन, ब्रेसलेट समेत अन्य सामान बरामद किया। इसके अलावा दो ऑक्सीजन सिलेंडर, पांच लीटर का गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रिक तराजू, सब्बल, छेनी, पेचकस और 10 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी सौदागर शेख के खिलाफ उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और तेलंगाना में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।