Loading...

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर 12 हजार, सहायिकाओं को मिलेंगे 6 हजार

Gargachary Times 8 September 2026, 22:09 4 views
Firozabad
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर 12 हजार, सहायिकाओं को मिलेंगे 6 हजार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के हित में बड़ा कदम उठाते हुए उनके मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। अब आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 8 हजार के स्थान पर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं को 4 हजार के स्थान पर 6 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को 5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार, अतिरिक्त साड़ी और स्मार्टफोन की सुविधा भी दी जाएगी। इसी क्रम में फिरोजाबाद के पालीवाल हॉल में करीब 600 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, मेयर कामिनी राठौर, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने प्रतिभाग किया। जनपद में वर्तमान में 2,439 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और 4,322 सहायिकाएं कार्यरत हैं। इनमें 202 नवचयनित कार्यकत्रियां और 722 सहायिकाएं शामिल हैं।सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां यशोदा और देवकी मां की तरह बच्चों के संरक्षण और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की यह पहल आंगनबाड़ी बहनों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता को दर्शाती है।कार्यक्रम में नवचयनित कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के लाभार्थियों को डमी चेक तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।
Follow Samachar24