श्रीधाम वृंदावन में पहली बार निकलेगी भगवान वामन की भव्य शोभायात्रा
Gargachary Times
8 September 2026, 22:12
6 views
Mathura
वृंदावन। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की बैठक प्रेम गली स्थित अन्नपूर्णा देवी मंदिर में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 23 सितंबर को भगवान वामन की भव्य शोभायात्रा निकालने की घोषणा की गई। आयोजकों के अनुसार श्रीधाम वृंदावन में पहली बार भगवान वामन की शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसे भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पं. बिहारी लाल वशिष्ठ ने कहा कि भगवान वामन भगवान विष्णु के पूर्ण अवतार हैं। सनातन धर्म में भगवान वामन के अवतार का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि श्रीधाम वृंदावन में पहली बार भगवान वामन की शोभायात्रा का आयोजन होना ब्राह्मण समाज के लिए गौरव का विषय है। शोभायात्रा 23 सितंबर को श्री रंगनाथ मंदिर से भव्यता के साथ निकाली जाएगी।
महामंत्री पंडित राजेश पाठक ने बताया कि शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए विशेष कमेटी का गठन किया गया है। सर्व ब्राह्मण महासभा मित्र मंडल के संस्थापक सत्यभान शर्मा को मुख्य मार्गदर्शक बनाया गया है। वहीं बृजेश गालीवाला को समिति का अध्यक्ष तथा पं. मेघश्याम गौतम को मुख्य संयोजक नियुक्त किया गया है। समिति में पांच संयोजक, पांच सहसंयोजक और एक महामंत्री की नियुक्ति की गई है। पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को शोभायात्रा की व्यवस्थाओं और तैयारियों की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शोभायात्रा का उद्देश्य भगवान वामन के अवतार और सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। शोभायात्रा में धार्मिक झांकियों, संत-महात्माओं और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता के साथ आयोजन को भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।
बैठक में महामंडलेश्वर स्वामी आदित्यानंद जी, भागवत आचार्य पद्म रेनू जी, श्री हरि सुरेश आचार्य, करुणा शंकर जी, राजेंद्र उपाध्याय, रामेश्वर दयाल, गिरराज तिवारी, अनिल कृष्ण शास्त्री, बालो पंडित जी सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक के अंत में पदाधिकारियों ने शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए समाज के लोगों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।