Loading...

पर्चा बनवाने गया बेटा, स्ट्रेचर पर पिता की मौत*मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

Gargachary Times 9 September 2026, 22:33 44 views
Firozabad
पर्चा बनवाने गया बेटा, स्ट्रेचर पर पिता की मौत*मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
फिरोजाबाद। सरकारी मेडिकल कॉलेज के 200 शैय्या अस्पताल में इलाज के इंतजार में 55 वर्षीय मरीज की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी व्यवस्था और गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, नारखी क्षेत्र के आतीपुर गांव निवासी महावीर सिंह को सीने में तेज दर्द और खून आने की शिकायत थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। हालत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां परिजनों के अनुसार गंभीर स्थिति में उन्हें 200 शैय्या अस्पताल भेज दिया गया।परिजनों का आरोप है कि 200 शैय्या अस्पताल पहुंचने के बाद उनसे नया ओपीडी पर्चा बनवाकर लाने को कहा गया। महावीर सिंह गंभीर हालत में स्ट्रेचर पर पड़े रहे, जबकि उनका बेटा दिलीप पर्चा बनवाने चला गया। उस समय उनके साथ उनका 10 वर्षीय छोटा बेटा भी मौजूद था। परिजनों के मुताबिक, दिलीप पर्चा बनवाकर वापस लौटता, उससे पहले ही स्ट्रेचर पर पड़े महावीर सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था और गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार दिए जाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। सीएमएस ने माना- गंभीर मरीज को पर्चे के लिए नहीं रोका जाना चाहिए मामले में मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. नवीन जैन ने भी माना कि गंभीर अवस्था वाले मरीज को पर्चा बनवाने के लिए नहीं रोका जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीज को तत्काल उपचार मिलना चाहिए। सीएमएस ने मामले की जांच कराने और यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित स्टाफ अथवा डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही है। सबसे बड़ा सवाल- इलाज से पहले जरूरी है पर्चा? इस घटना ने सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सवाल यह है कि क्या गंभीर मरीज को पहले पर्चा और कागजी प्रक्रिया पूरी कराने में लगाया जाना चाहिए या उसकी जान बचाने के लिए तत्काल उपचार शुरू होना चाहिए? परिजनों के आरोप और सीएमएस के बयान के बाद अब मामले की जांच और जिम्मेदारी तय होने का इंतजार है।
Follow Samachar24