Loading...

जलभराव समेत जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस की पदयात्रा, तहसील में धरना

Gargachary Times 9 September 2026, 22:34 53 views
Firozabad
जलभराव समेत जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस की पदयात्रा, तहसील में धरना
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद नगर में जलभराव समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव के नेतृत्व में पदयात्रा निकालकर प्रदर्शन किया। पदयात्रा के बाद कार्यकर्ता तहसील पहुंचे और समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान ज्ञापन देने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और एसडीएम राजेश शुक्ला के बीच तीखी तकरार हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ता पदयात्रा निकालकर तहसील पहुंचे थे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपना चाहते थे। उस समय एसडीएम किसी अन्य कार्य में व्यस्त होने के कारण मौके पर नहीं पहुंच सके। इससे नाराज कार्यकर्ता तहसील परिसर में ही धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। कार्यकर्ताओं ने तेज धूप में बैठकर नगर की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। कुछ देर बाद एसडीएम राजेश शुक्ला मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं से ज्ञापन देने को कहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैठकर ज्ञापन लेने की मांग रखी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई और माहौल गरमा गया। मामला बढ़ता देख एसडीएम ने पुलिस फोर्स बुलाने के निर्देश दिए। सूचना पर शिकोहाबाद थानाध्यक्ष अनुज कुमार राना पुलिस बल के साथ तहसील पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से धूप से हटकर छांव में बैठने की अपील की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल से हटने से इनकार कर दिया। इसके बाद थानाध्यक्ष ने एसडीएम से वार्ता कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। स्थिति को सामान्य करने के लिए नायब तहसीलदार को मौके पर बुलाया गया। नायब तहसीलदार ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बैठकर ज्ञापन लिया और बाद में खड़े होकर भी ज्ञापन लेने की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद विवाद शांत हुआ और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। अधिकारी की कार्यशैली पर जिलाध्यक्ष ने उठाए सवाल पूरे घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव नाराज नजर आए। उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि अधिकारी जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं देंगे तो ऐसे अधिकारियों का क्या फायदा है। उन्होंने शिकोहाबाद नगर में जलभराव समेत अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
Follow Samachar24