काशीराम आवासीय योजना के मकान खाली कराने के नोटिस से भड़का आक्रोश, कॉलोनीवासियों ने किया प्रदर्शन
Gargachary Times
11 September 2026, 20:00
41 views
Lucknow
वृंदावन। कांशीराम आवासीय योजना के तहत गरीब परिवारों को आवंटित मकानों को खाली कराने के लिए नगर निगम मथुरा-वृंदावन की ओर से जारी नोटिस के बाद कॉलोनीवासियों में आक्रोश है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की और मकान खाली न कराने की मांग उठाई।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि नगर निगम की ओर से जारी नोटिस में भवन के निरीक्षण के बाद उसके जर्जर एवं क्षतिग्रस्त होने का हवाला देते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में भवन की जर्जर अथवा क्षतिग्रस्त स्थिति को देखते हुए संबंधित हिस्से को हटाने या मरम्मत योग्य भाग की मरम्मत कराने का उल्लेख किया गया है। नोटिस में नगर निगम अधिनियम की धारा 331(1),(2) का हवाला देते हुए निर्धारित समय में आवश्यक कार्रवाई नहीं किए जाने पर आगे की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
इससे परेशान कॉलोनीवासियों ने कहा कि कांशीराम आवासीय योजना में रहने वाले अधिकांश परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं। कई परिवार गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन कर रहे हैं और दो वक्त की रोटी जुटाना भी उनके लिए मुश्किल है। ऐसे में यदि उन्हें वर्षों से मिले आशियाने खाली करने पड़े तो उनके सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की कि यदि भवन में मरम्मत की आवश्यकता है तो सरकारी खर्च पर उसकी मरम्मत कराई जाए और गरीब परिवारों को उनके मकानों से बेदखल न किया जाए। उनका कहना है कि इन मकानों में परिवार लंबे समय से रह रहे हैं और इन्हीं को अपना स्थायी आशियाना मानते हैं।
कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उनकी मांग पर गंभीरता से विचार नहीं किया और जबरन मकान खाली कराने की कार्रवाई की गई तो सभी प्रभावित परिवार एकजुट होकर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से गरीब परिवारों की स्थिति को देखते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और भवनों की मरम्मत कराकर उन्हें राहत देने की मांग की है।