31 लाख रुपये कीमत के मोबाइल बरामद, फिरोजाबाद पुलिस अब तक 1898 मोबाइल करा चुकी है रिकवर
Gargachary Times
11 September 2026, 20:53
54 views
Firozabad
फिरोजाबाद। गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे सीईआईआर अभियान के तहत फिरोजाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश घुनावत के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध शेखर सेंगर के नेतृत्व में सर्विलांस सेल और जनपद पुलिस की संयुक्त टीम ने 151 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके आवेदकों के सुपुर्द किए।
पुलिस टीम ने सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर मोबाइल फोन की तलाश की। बरामद किए गए विभिन्न कंपनियों के 151 मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई गई है।
बरामद मोबाइल में वीवो के 43, ओप्पो के 25, रीयलमी के 23, रेडमी के 11, सैमसंग के 10, मोटोरोला के 10, पोको के 7, वनप्लस के 6, इनफिनिक्स के 5, आईक्यू के 4, टेक्नो के 3, लावा के 2 तथा आईटेल और नथिंग के एक-एक मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक फिरोजाबाद जनपद में अब तक सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से कुल 1898 गुम मोबाइल फोन विभिन्न जनपदों और राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर बरामद किए जा चुके हैं। मोबाइल वापस मिलने पर आवेदकों ने फिरोजाबाद पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से लोग अपने गुम हुए मोबाइल फोन की शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिससे मोबाइल की बरामदगी में सहायता मिलती है।
इस अभियान में प्रभारी सर्विलांस सेल निरीक्षक मुकेश कुमार मय टीम तथा जनपद के समस्त थाना प्रभारी/प्रभारी निरीक्षक मय पुलिस टीम का सहयोग रहा।