बाबा नीम करोली धाम के विकास कार्यों का डीएम ने लिया जायजा
Gargachary Times
11 September 2026, 20:54
53 views
Firozabad
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को बाबा नीम करोली धाम की जन्मस्थली ग्राम अकबरपुर/नागऊ पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति-2022 के तहत स्वीकृत नीम करौली बाबा सर्किट और जन्मस्थली पर चल रहे तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पर्यटन नीति-2022 में संशोधन कर नीम करौली बाबा सर्किट को शामिल किया है। इस सर्किट में लखनऊ, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद की बाबा की जन्मस्थली अकबरपुर/नागऊ तथा मथुरा-वृंदावन को जोड़ा गया है। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे।उन्होंने बताया कि फेज-1 में 865.98 लाख रुपये की लागत से डॉरमेट्री, रेस्तरां, सभा स्थल, डिजिटल लाइब्रेरी, सीसी रोड, सेप्टिक टैंक, समरसेबल पंप और साइट डेवलपमेंट के कार्य कराए जा रहे हैं। फेज-2 में 222.47 लाख रुपये की लागत से टॉयलेट ब्लॉक, गार्ड रूम, सीसी रोड, नाली, पेवर, ट्यूबवेल, बाह्य विद्युत और म्यूरल वर्क के कार्य स्वीकृत हैं।
वहीं ग्रामीण पर्यटन विकास के तहत 55.44 लाख रुपये की लागत से प्रवेश द्वार, साइनेज, बेंच और डस्टबिन सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
डीएम ने बताया कि जन्मस्थली के समग्र विकास के लिए पर्यटन विभाग द्वारा भव्य कॉरिडोर प्रस्तावित है। इसके लिए जन्मस्थली के समीप पांच हेक्टेयर से अधिक भूमि क्रय करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। भूमि क्रय के बाद भव्य प्रवेश द्वार, पर्यटन सुविधा केंद्र एवं आश्रम, ध्यान व वेलनेस सेंटर, सभा स्थल, पार्किंग, फूड कोर्ट, म्यूजियम एवं इंटरप्रिटेशन सेंटर, ओपन एयर थिएटर तथा प्रसाद मंडप/डाइनिंग हॉल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी टूंडला सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।