Loading...

डीएम ने विकास भवन में आईसीआरपी ड्राइव का किया शुभारंभ, महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने पर जोर

Gargachary Times 11 September 2026, 20:55 71 views
Firozabad
डीएम ने विकास भवन में आईसीआरपी ड्राइव का किया शुभारंभ, महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने पर जोर
फिरोजाबाद। ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से जनपद में विशेष 45 दिवसीय अभियान एवं आईसीआरपी (इंटरनल कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन) ड्राइव का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विकास भवन परिसर में किया। कार्यक्रम में पीडी डीआरडीए सुभाष चंद्र त्रिपाठी और डीसी एनआरएलएम तुलिका श्रीवास्तव मौजूद रहीं। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की ऐसी महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाएगा, जो वर्तमान में किसी रोजगार या आजीविका गतिविधि से नहीं जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि समूहों के गठन एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 45 दिनों का सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है। आईसीआरपी टीम की सदस्य गांव-गांव जाकर महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के लिए प्रेरित एवं जागरूक करेंगी। अभियान में शामिल आईसीआरपी सदस्यों को निर्धारित लक्ष्य आवंटित करने के साथ ही प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया है। समूहों के गठन के बाद शासन के निर्देशों के अनुरूप महिलाओं को विभिन्न व्यवसायों के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही सरकारी योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। पीडी डीआरडीए सुभाष चंद्र त्रिपाठी एवं डीसी एनआरएलएम तुलिका श्रीवास्तव ने भी अभियान को सफल बनाने के लिए आईसीआरपी सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की प्रत्येक ग्रामीण महिला को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका और स्वरोजगार से जोड़ना अभियान का लक्ष्य है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
Follow Samachar24