BRICS का बड़ा संदेश: पहलगाम हमले की निंदा, आतंकियों के पनाहगारों पर एक्शन
Gargachary Times
12 September 2026, 18:25
53 views
Delhi
रूस और चीन समेत BRICS देशों ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की है। देशों ने कहा कि आतंकियों को पनाह देने वालों के खिलाफ मिलकर कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही, आतंकियों तक पहुंचने वाली फंडिंग रोकने और उन्हें सुरक्षित ठिकाने देने वालों पर कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी है।
BRICS देशों के बीच संयुक्त बयान जारी करने पर सहमति ऐसे समय में बनी है, जब पश्चिम एशिया में तनाव है और ईरान, सऊदी अरब और UAE के कई मुद्दों पर अलग-अलग रुख हैं।
भारत ने लगातार बातचीत के जरिए इन मतभेदों को दूर करने और सदस्य देशों के बीच आम सहमति बनाने में अहम भूमिका निभाई।
विदेश मंत्रालय के आर्थिक संबंध सचिव सुधाकर दलेला ने कहा कि भारत ने इस साल जनवरी में चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली। यह साल BRICS के लिए खास है, क्योंकि संगठन की संस्थागत साझेदारी के 20 साल पूरे हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत ने पिछली अध्यक्षताओं के काम को आगे बढ़ाते हुए लचीलापन, नई सोच, सहयोग और टिकाऊ विकास पर ध्यान दिया। प्रधानमंत्री मोदी के ‘मानवता प्रथम’ के विचार के तहत भारत ने BRICS के काम को आम लोगों की जरूरतों से जोड़ने और ज्यादा व्यावहारिक बनाने की कोशिश की।