Loading...

17वें गणपति महोत्सव का भव्य शुभारंभ आज, स्वास्थ्य शिविरों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम

Gargachary Times 13 September 2026, 20:31 54 views
Mathura
17वें गणपति महोत्सव का भव्य शुभारंभ आज, स्वास्थ्य शिविरों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
वृंदावन। श्री गणपति सेवा समिति के तत्वावधान में लोई बाजार स्थित बसंत चबूतरा पर आयोजित 17वें गणपति महोत्सव का शुभारंभ 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर भव्य रूप से होगा। समिति द्वारा चार दिवसीय धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यापक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। समिति के अध्यक्ष एवं पार्षद वैभव अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिवस प्रातः 10 बजे भगवान श्री गणेश की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम पंडित मनीष शुक्ल के आचार्यत्व में संपन्न होगा। इसके उपरांत प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक डॉ. शांतनु शर्मा द्वारा पीठ दर्द, कमर दर्द एवं घुटने के दर्द से पीड़ित लोगों के लिए कायरोप्रैक्टिक थेरेपी के माध्यम से निःशुल्क उपचार शिविर आयोजित किया जाएगा। शाम के समय श्रद्धालुओं के लिए छप्पन भोग दर्शन की व्यवस्था रहेगी। साथ ही दिल्ली से आए कलाकारों द्वारा रंगमंचीय प्रस्तुतियां, मार्शल आर्ट प्रदर्शन एवं प्रसिद्ध जादूगर जयंत पाठक द्वारा मैजिक शो का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के द्वितीय दिवस रक्तदाता फाउंडेशन के सहयोग से प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। वहीं सायंकाल दिल्ली के कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। तृतीय दिवस मेदांता हॉस्पिटल, गुरुग्राम के सहयोग से प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। रात्रि में श्रद्धालुओं के मनोरंजन हेतु डांडिया नाइट्स कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिवस भगवान गणपति की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो विद्यापीठ चौराहा से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए केशीघाट पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ विसर्जन सम्पन्न होगा। समिति अध्यक्ष वैभव अग्रवाल ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य शिविरों का लाभ लेने, गणपति बप्पा के दर्शन करने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर की रात्रि बसंत चबूतरा पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण का भी आयोजन रहेगा।
Follow Samachar24