Loading...

स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य महोत्सव में सजेगी सुर और नृत्य की महफिल

Gargachary Times 13 September 2026, 20:32 41 views
Mathura
स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य महोत्सव में सजेगी सुर और नृत्य की महफिल
वृंदावन। भारतीय शास्त्रीय संगीत के महान संत एवं संगीताचार्य स्वामी हरिदास जी महाराज को समर्पित दो दिवसीय स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य महोत्सव का आयोजन 18 एवं 19 सितंबर को रमणरेती स्थित वन महाराज कॉलेज में किया जाएगा। संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देश के ख्यातिप्राप्त संगीत एवं नृत्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में मुख्य अतिथि सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि स्वामी हरिदास जी ब्रजभूमि की ऐसी महान विभूति हैं, जिन्होंने अपनी स्वर साधना से भारतीय शास्त्रीय संगीत को विश्व पटल पर स्थापित किया। उन्होंने कहा कि स्वामी हरिदास जी द्वारा प्रकट की गई ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज की दिव्य छवि आज भी विश्वभर के श्रद्धालुओं और कृष्ण भक्तों को वृंदावन की ओर आकर्षित करती है। उन्होंने कहा कि सम्राट अकबर तक को अपने सुरों से प्रभावित करने वाले स्वामी हरिदास जी को समर्पित यह महोत्सव संगीत और संस्कृति प्रेमियों के लिए एक अनुपम अवसर है। पूर्व विधायक प्रदीप माथुर ने कहा कि पिछले लगभग ढाई दशकों से इस मंच पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में सांसद हेमा मालिनी भी अपनी नृत्य साधना के माध्यम से इस मंच से स्वामी हरिदास जी को भावांजलि अर्पित करेंगी। समिति के सचिव गोपी गोस्वामी ने बताया कि महोत्सव के दौरान शास्त्रीय संगीत की विभिन्न विधाओं जैसे गायन, वादन और नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि सांसद हेमा मालिनी के प्रयासों से ब्रज क्षेत्र को स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह की सौगात मिली है, जो कला और संस्कृति के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश चतुर्वेदी, संयोजक अनूप शर्मा एवं समन्वयक अभय वशिष्ठ ने बताया कि महोत्सव में प्रवेश के लिए आमंत्रण पत्र एवं ई-प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं। इच्छुक संगीत प्रेमी समिति के आधिकारिक फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पेज से ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लेने की अपील की। संगीत शिरोमणि श्री स्वामी हरिदास समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव में देश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी कला के माध्यम से स्वामी हरिदास जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। महोत्सव में इस वर्ष कथक, शास्त्रीय गायन, संतूर, सितार, सूफी गायन एवं काव्य की मनोहारी प्रस्तुतियां दर्शकों को देखने-सुनने को मिलेंगी। महोत्सव में प्रथम दिवस प्रसिद्ध कथक नर्तक पंडित विशाल कृष्ण अपनी टीम के साथ कथक की प्रस्तुति देंगे। वहीं मध्य प्रदेश की प्रतिभाशाली बहनों संस्कृति एवं प्रकृति द्वारा संतूर एवं सितार वादन प्रस्तुत किया जाएगा।शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति सुश्री मानली बोस द्वारा दी जाएगी, जिसमें तबले पर श्री राम कुमार तथा हारमोनियम पर धर्मनाथ मिश्रा उनका साथ देंगे। इसी क्रम में19 सितंबर को मुंबई की प्रसिद्ध सूफी गायिका सुश्री प्रियानी वाणी पंडित अपनी टीम के साथ सूफी गायन एवं गीतों की प्रस्तुति देंगी।महोत्सव में देश के सुप्रसिद्ध कवियों एवं कलाकारों की सहभागिता भी रहेगी। कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. सुनील जोगी, शशिकांत यादव, शंभू शिखर, स्वयं श्रीवास्तव एवं मुमताज नसीम अपनी प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी।
Follow Samachar24