मथुरा के चार शिक्षकों को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी, जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में संभालेंगे मास्टर ट्रेनर की भूमिका
Gargachary Times
13 September 2026, 20:36
57 views
Mathura
मथुरा। जनगणना-2027 के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में मथुरा के बेसिक शिक्षा विभाग के चार शिक्षकों को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। बलवीर सिंह, गिरिश कौशिक, प्रकाश चंद एवं सुधीर सोलंकी को जनसंख्या गणना (Population Enumeration-PE) के लिए मास्टर ट्रेनर नामित किया गया है। इनकी जिम्मेदारी जनपद में जनगणना प्रशिक्षण की गुणवत्ता, तकनीकी मार्गदर्शन और कार्यप्रणाली में एकरूपता सुनिश्चित करने की होगी।
उत्कृष्ट कार्य का मिला परिणाम
चारों शिक्षक जनगणना के प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (HLO) में फील्ड ट्रेनर के रूप में प्रगणक एवं सुपरवाइजर को प्रशिक्षित कर उत्कृष्ट कार्य कर चुके हैं। इसी अनुभव एवं कार्यदक्षता के आधार पर जिलाधिकारी मथुरा द्वारा उन्हें मास्टर ट्रेनर का दायित्व सौंपा गया है। साथ ही बलवीर सिंह को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (SIR) में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिलाधिकारी मथुरा द्वारा नामित कर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा सर्वश्रेष्ठ सुपरवाइजर के रूप में सम्मानित किया जा चुका है।
लखनऊ में होगा चार दिवसीय प्रशिक्षण
चारों मास्टर ट्रेनरों का चार दिवसीय आवासीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण 16 से 19 सितंबर 2026 तक दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्रामीण विकास संस्थान (DDU-SIRD), बक्शी का तालाब, लखनऊ में आयोजित होगा।
प्रशिक्षण के बाद ये मास्टर ट्रेनर जनपद स्तर पर नियुक्त फील्ड ट्रेनरों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण देंगे। इसके साथ ही प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण में मार्गदर्शन, मोबाइल एप्लीकेशन एवं तकनीकी समस्याओं का समाधान तथा जनगणना कार्य में आवश्यक सहयोग भी प्रदान करेंगे।
राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में मथुरा के चार शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर की जिम्मेदारी मिलना बेसिक शिक्षा विभाग, मथुरा के लिए गौरव का विषय है। उनके अनुभव एवं तकनीकी दक्षता से जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सफल, व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।