सामौर धाम करहरा में लगा निशुल्क नेत्र शिविर, 500 मरीजों ने कराया पंजीकरण
Gargachary Times
13 September 2026, 20:37
59 views
Firozabad
सिरसागंज। सामौर धाम करहरा में रविवार को गीता आई हॉस्पिटल, सिरसागंज के सहयोग से विश्व विख्यात नेत्र विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र नाथ के सानिध्य में निशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक से आंखों की जांच और निशुल्क ऑपरेशन की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
शिविर का शुभारंभ प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान सामौर धाम के कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। साथ ही भाजपा के अन्य पदाधिकारियों एवं नेत्र विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र नाथ का भी स्वागत किया गया।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने कहा कि सामौर धाम करहरा में डॉ. धर्मेंद्र नाथ के सानिध्य में निशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। शिविर में मरीजों की निशुल्क जांच के साथ जरूरतमंद मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन भी किए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि आंखों से संबंधित किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और चिकित्सक से जांच कराकर समय से उपचार कराएं।
नेत्र विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र नाथ ने बताया कि शिविर में करीब 500 मरीजों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 275 मरीजों की जांच की जा चुकी है, जबकि जांच के दौरान 85 मरीज मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए चिन्हित किए गए हैं। इन मरीजों को ऑपरेशन के लिए 24 सितंबर को गीता आई हॉस्पिटल की गाड़ी द्वारा ले जाया जाएगा और उनका निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।
डॉ. धर्मेंद्र नाथ ने बताया कि अब प्रत्येक रविवार को सामौर धाम करहरा में उनके स्टाफ द्वारा निशुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आने वाले सभी मरीजों की आंखों की जांच कर आवश्यक उपचार की सलाह दी जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की।