Loading...

भूमि विवादों के निस्तारण को पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीमें बनाकर मौके पर भेजने के निर्देश

Gargachary Times 13 September 2026, 20:42 48 views
Firozabad
भूमि विवादों के निस्तारण को पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीमें बनाकर मौके पर भेजने के निर्देश
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को अपने निज निवास सिरसागंज पर जनता दर्शन लगाकर जनपद व गैर जनपद से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान मंत्री ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। कुछ मामलों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को भी इसकी जानकारी दी जाए, ताकि उसे अपनी समस्या के समाधान की स्थिति का पता चल सके। जनता दर्शन में भूमि विवाद, अतिक्रमण, कब्जा मुक्ति, बिजली, पानी, राशन कार्ड, विद्युत बिल, आवास योजना, आधार कार्ड और पुलिस संबंधी शिकायतें प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं। भूमि विवादों की अधिक शिकायतें आने पर मंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी सिरसागंज के माध्यम से पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर ऐसे मामलों की मौके पर जांच कराई जाए।उन्होंने कहा कि शनिवार को आयोजित होने वाले थाना दिवसों में भूमि विवादों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेकर संयुक्त टीमों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। संबंधित अधिकारियों को निस्तारण की अनुपालन आख्या तैयार कर उन्हें भी अवगत कराने के निर्देश दिए गए। पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर है। अधिकारी स्थानीय स्तर पर शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
Follow Samachar24