यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई, हेलमेट बैंक से किया जा रहा जागरूक
Gargachary Times
13 September 2026, 20:43
39 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों, मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ ही आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है।
इसके साथ ही पुलिस द्वारा हेलमेट बैंक के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वाहन चालकों को समझाया जा रहा है कि प्रत्येक बार दोपहिया वाहन चलाते समय आईएसआई मार्क हेलमेट का प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
फिरोजाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और सुरक्षित यात्रा करें।