Loading...

मिर्जापुर में त्रिदिवसीय क्षेत्रीय वैदिक सम्मेलन का शुभारंभ, वैदिक संस्कृति के संरक्षण पर हुई चर्चा

Gargachary Times 13 September 2026, 20:48 24 views
Mirzapur
मिर्जापुर में त्रिदिवसीय क्षेत्रीय वैदिक सम्मेलन का शुभारंभ, वैदिक संस्कृति के संरक्षण पर हुई चर्चा
मिर्जापुर: मिर्जापुर के होटल विन्ध्य रेजीडेन्सी में आज से त्रिदिवसीय क्षेत्रीय वैदिक सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सम्मिलित हुये। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रख्यात विद्वानों, संतों और वैदिक परंपरा से जुड़े प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सम्मेलन का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तीन दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य वैदिक ज्ञान, सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन पर चिंतन करना है। मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा गया कि वेद केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति हैं। आज की युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए इस प्रकार के वैदिक सम्मेलनों का आयोजन अत्यंत आवश्यक है। भारतीय संस्कृति में निहित ज्ञान आज पूरे विश्व का मार्गदर्शन कर रहा है। सम्मेलन में काशी, प्रयागराज और विंध्य क्षेत्र से आए विद्वानों ने वेदों की प्रासंगिकता, गुरुकुल शिक्षा प्रणाली और संस्कृत के प्रचार-प्रसार पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि विंध्य क्षेत्र प्राचीन काल से ही वैदिक और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रहा है। मिर्जापुर में इस प्रकार के आयोजन से क्षेत्र में सांस्कृतिक जागरूकता को बल मिलेगा। इस दौरान वैदिक साहित्य से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई। आयोजक मंडल द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया और सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया। यह सम्मेलन आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा। * उप मुख्यमंत्री ने पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष से की भेंट वैदिक सम्मेलन के उपरांत मौर्य मिर्जापुर में ही उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष शसोहनलाल श्रीमाली के आवास पर पहुंचकर उनसे आत्मीय भेंट की। इस दौरान श्रीमाली और उनके परिवार के सदस्यों के साथ विभिन्न सामाजिक और समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई। पिछड़े वर्ग के कल्याण के लिए चलाई जा रही राज्य सरकार की योजनाओं और संगठनात्मक विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
Follow Samachar24