17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने प्रेसवार्ता में बताई अभियान की रूपरेखा, 17 सितंबर को हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
Gargachary Times
14 September 2026, 21:27
57 views
Firozabad
फिरोजाबाद। भारतीय जनता पार्टी जिला एवं महानगर फिरोजाबाद की ओर से सोमवार को सर्किट हाउस दबरई में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अभियान की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के विभिन्न कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना तथा लोगों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि एक माह तक चलने वाले अभियान के दौरान स्वास्थ्य, रोजगार, पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर शाम सात बजे लाभार्थियों और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अपने घर-आंगन में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इसे प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा एवं राष्ट्र निर्माण यात्रा के प्रति आभार के प्रतीक के रूप में मनाया जाएगा।प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प और जनकल्याण के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी गाथा है। गरीबों के सम्मान, युवाओं के सामर्थ्य, महिलाओं के सशक्तीकरण और किसानों की समृद्धि को राष्ट्र निर्माण का आधार बनाकर देश को नई दिशा और गति दी गई है।अभियान के तहत ‘सेवा दिवस’, ‘मेरे सपनों का भारत चित्र’, ‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’, स्थानीय भाषाओं में संगीतमय नाट्य प्रस्तुति, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी तक सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फॉर इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ‘जनसेवा ही प्रभु सेवा’ अभियान का मंत्र है। जनभागीदारी के माध्यम से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा से संकल्प और संकल्प से सिद्धि ही नए भारत की पहचान है।इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर, सदर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह, लक्ष्मी नारायण यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र प्रताप सिंह लोधी, जिला प्रवक्ता/मीडिया प्रभारी डॉ. अमित गुप्ता, कमलेश राजपूत, आकाश गुप्ता, राम नरेश कटारा, देवेश भारद्वाज, दीपक गुप्ता कालू, अजीत राजपूत, प्रमोद पाल बघेल, राजीव गुप्ता, विपिन शिवहरे, आनंद अग्रवाल, सुरेंद्र सावन झा, पवन चक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।