गर्भवती महिला की मौत के मामले में दरोगा पर गंभीर आरोप
Gargachary Times
14 September 2026, 21:30
72 views
Firozabad
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मुहम्मदपुर लंभुआ निवासी गौरव कुमार ने पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर दरोगा धर्मपाल समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
गौरव कुमार के अनुसार, 13 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे दरोगा धर्मपाल करीब 10-12 पुलिसकर्मियों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मी बिना अपना नाम-पता बताए घर में घुस गए और महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट करने लगे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान दरोगा धर्मपाल ने गौरव की गर्भवती पत्नी अंजली के पेट में लात मार दी। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और तेज दर्द के साथ रक्तस्राव शुरू हो गया। परिजन उसे तत्काल सरकारी अस्पताल शिकोहाबाद लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि गर्भ में पल रहा बच्चा भी गंभीर स्थिति में है। चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।गौरव का आरोप है कि पत्नी की बिगड़ती हालत की जानकारी देने के बावजूद दरोगा ने उसकी बात नहीं सुनी। महिला की मौत के बाद पुलिस ने उसे और उसके साथ पकड़े गए गांव के अजेंद्र सागर को छोड़ दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके खिलाफ गांव में हुई चोरी की घटना की फर्जी सूचना दर्ज कराई गई। घर की तलाशी के बावजूद चोरी का कोई सामान बरामद नहीं हुआ।शिकायतकर्ता ने दरोगा धर्मपाल, थानाध्यक्ष, अन्य पुलिसकर्मियों तथा अस्पताल कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।