महावन तहसील में धरने पर बैठे किसान नेता, किसान से अभद्रता करने का लगाया आरोप
Gargachary Times
14 September 2026, 21:32
64 views
Mathura
तहसीलदार ने किसानों के बीच बैठकर दिया कार्रवाई का आश्वासन, शांत कराया मामला
सोमवार को मथुरा की तहसील महावन में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारी व कार्यकर्ता
धरने पर बैठ गए और प्रदर्शन करने लगे।
तहसील में तैनात अमीन के द्वारा किसान से अभद्रता किए जाने के आरोप को लेकर सभी एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी की। धरने की सूचना पर तहसीलदार सचिन पवार मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया।
किसान नेता राजकुमार तोमर ने आरोप लगाया कि तहसील में तैनात अमीन और कुछ प्राइवेट लोगों द्वारा एक किसान के साथ बदतमीजी की गई। मामले को लेकर उन्होंने सभागार में अमीन से बातचीत की और उसे सभागार में बैठा लिया। इसकी जानकारी मिलने पर तहसीलदार सचिन पवार किसानों से वार्ता करने पहुंचे।
तहसीलदार की बातों से किसान नाराज हो गए और एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। तहसीलदार ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अमीन के खिलाफ कार्यवाही की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद तहसीलदार सचिन पवार भी किसानों के बीच धरने में बैठ गए।
तहसीलदार ने किसानों की समस्या का समाधान कराने तथा किसान के साथ अभद्रता करने के आरोपी अमीन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया और मामला शांत हो गया।