कोसीकलां के नामी ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 24 घंटे में किया पर्दाफाश, 12 करोड़ की चोरी, 7 किलो से अधिक सोना और नकदी बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार
Gargachary Times
15 September 2026, 19:20
57 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
कोसीकलां के जुगल किशोर ज्वैलर्स में हुई करीब 12 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया।
थाना कोसीकलां पुलिस, एसटीएफ एसओजी समेत विभिन्न पुलिस टीमों की संयुक्त कार्रवाई में घटना का खुलासा किया गया।
जिसमें मुख्य आरोपी विष्णु उर्फ पप्पू सोनी सहित दो युवकों और दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 7 किलो 120 ग्राम सोना और करीब 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस जानकारी के अनुसार कोसीकलां क्षेत्र स्थित जुगल किशोर ज्वैलर्स में 13 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे से 14 सितंबर की सुबह 10 बजे के बीच चोरी की घटना हुई थी। चोर दुकान से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण और नकदी ले गए थे। मामले में थाना कोसीकलां में मुकदमा
दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जिसके बाद एसटीएफ आगरा, एसओजी मथुरा और थाना कोसीकलां पुलिस की टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने मंगलवार को गोपालबाग क्षेत्र से मुख्य आरोपी विष्णु उर्फ पप्पू सोनी (27) और उसके भाई मोहन सोनी (22), दोनों निवासी रामनगर, कोसीकलां, सहित दो महिला सह-अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने के आभूषण, नकदी के अलावा डीवीआर, लॉकर की चाबी, गैस कटर और वायर कटर समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, चोरी की घटना में प्रयुक्त सामान और बरामदगी से मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों और शेष माल के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई में एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, एसटीएफ आगरा के अपर पुलिस अधीक्षक राकेश यादव, सीओ छाता भूषण वर्मा, प्रभारी निरीक्षक कोसीकलां कमलेश सिंह सहित एसओजी, एसटीएफ तथा थाना कोसीकलां, शेरगढ़ और जैत पुलिस की टीमों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।