11 केवी लाइन के क्रॉस बेस एंगल चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद
Gargachary Times
15 September 2026, 19:54
45 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना अरांव पुलिस ने बिजली लाइन से सामान चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो क्रॉस बेस एंगल, पांच क्लैंप, घटना में प्रयुक्त उपकरण और मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पुत्र मुंशीलाल और मुकेश कुमार पुत्र रामबहादुर, दोनों निवासी ग्राम सैपुरी थाना शिकोहाबाद, फिरोजाबाद के रूप में हुई है। दोनों को मुखबिर की सूचना पर अरांव-सिरसागंज रोड स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया गया।मामले में 14 सितंबर को विद्युत उपकेंद्र अरांव के अवर अभियंता ने थाना अरांव में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया था कि किसान सेवा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के डबल पोल से क्रॉस बेस एंगल खोल दिए गए थे। चोर दो क्रॉस बेस एंगल और पांच क्लैंप चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में थाना अरांव में मुकदमा संख्या 143/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मुकदमे से संबंधित दो क्रॉस बेस लोहे के एंगल, पांच टाइप-यू क्लैंप, एक प्लास, एक स्क्रू रिंच तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या यूपी 84 डब्ल्यू 2190 बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ऋषि कुमार, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक रमेश चंद्र, रिक्रूट कांस्टेबल आकाश कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे।