Loading...

वैश्विक बाजार और ई-कॉमर्स से जुड़कर नई ऊंचाइयां छुएगा फिरोजाबाद का कांच उद्योग

Gargachary Times 15 September 2026, 20:05 53 views
Firozabad
वैश्विक बाजार और ई-कॉमर्स से जुड़कर नई ऊंचाइयां छुएगा फिरोजाबाद का कांच उद्योग
फिरोजाबाद। स्थानीय कांच उद्योग और एमएसएमई इकाइयों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास कार्यालय (एमएसएमई-डीएफओ), आगरा, भारत सरकार के तत्वावधान में होटल पैराडोर में ‘निर्यात प्रोत्साहन एवं ई-कॉमर्स’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला-सह-संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें विशेषज्ञों ने उद्यमियों को आधुनिक निर्यात प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों, ई-कॉमर्स और अंतरराष्ट्रीय बाजार में संभावनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ एमएसएमई-डीएफओ आगरा के निदेशक विष्णु कुमार वर्मा, सीडीजीआई के प्रधान निदेशक सचिन राजपाल और उपायुक्त उद्योग संध्या यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सहायक निदेशक एमएसएमई-डीएफओ अभिषेक सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।अध्यक्षीय संबोधन में निदेशक विष्णु कुमार वर्मा ने कहा कि फिरोजाबाद के उद्यमियों में अपार संभावनाएं हैं। सरकार का लक्ष्य छोटे से छोटे उद्यमी को वैश्विक खरीदारों और आधुनिक ई-कॉमर्स नेटवर्क से जोड़ना है। गुणवत्ता प्रमाणीकरण, बेहतर पैकेजिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी इस्तेमाल से जिले का निर्यात कई गुना बढ़ाया जा सकता है सीडीजीआई के प्रधान निदेशक सचिन राजपाल ने कहा कि फिरोजाबाद का कांच उद्योग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान रखता है। उद्यमियों को उत्पादों की गुणवत्ता के साथ नवीन डिजाइन और तकनीकी नवाचार अपनाने की जरूरत है। सीडीजीआई वैश्विक मानकों के अनुरूप उत्पाद तैयार करने और तकनीकी उन्नयन में हरसंभव सहयोग करेगा। उपायुक्त उद्योग संध्या यादव ने उद्यमियों को क्लस्टर स्तर पर संगठित होकर आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर दिया। ग्लास एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश कुमार बंसल ने भी निर्यात संभावनाओं और उद्यमियों की आवश्यकताओं को सामने रखा। कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में फियो के आलोक श्रीवास्तव ने विदेशी बाजारों में पहुंच और संभावित खरीदारों की जानकारी दी। बीआईएस के वैज्ञानिक-एफ कौशिक दत्ता ने उत्पाद मानकीकरण और प्रमाणन, जबकि पीएनबी के सहायक महाप्रबंधक माधव कुमार ने निर्यात वित्त, लेटर ऑफ क्रेडिट और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी। आईआईपी दिल्ली के सहायक प्रोफेसर तुषार बंद्योपाध्याय ने कांच उत्पादों की सुरक्षित ढुलाई के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पैकेजिंग और लेबलिंग तकनीक समझाई। आगरा प्रधान डाकघर के वरिष्ठ पोस्टमास्टर शशिकांत जैन ने डाक निर्यात सुविधा के बारे में बताया। ईसीजीसी के मनीष बोरकर ने विदेशी खरीदारों से जुड़े भुगतान जोखिम और निर्यात ऋण बीमा की जानकारी दी। GeM के प्रबंधक तुषार अग्रवाल ने सरकारी खरीद पोर्टल पर पंजीकरण के लाभ बताए, जबकि वॉलमार्ट वृद्धि के राज्य प्रमुख विकास त्यागी ने डिजिटल क्षमता विकास और घरेलू एवं वैश्विक सप्लाई चेन से जुड़ने के तरीके समझाए। अभिषेक सिंह ने पीएम विश्वकर्मा, क्लस्टर विकास और क्रेडिट गारंटी सहित केंद्र सरकार की एमएसएमई योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।अंतिम चरण में प्रश्नोत्तर सत्र हुआ, जिसमें उद्यमियों और निर्यातकों ने पैकेजिंग, सीमा शुल्क, वित्तीय सहायता और डिजिटल कैटलॉगिंग से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने मौके पर ही उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। अंत में सीडीजीआई फिरोजाबाद के उप निदेशक रोहित सिंह ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और उद्यमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में जिले के प्रमुख निर्यातक, कांच उद्योग से जुड़े उद्यमी, निर्यातक संघों के प्रतिनिधि और एमएसएमई हितधारक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Follow Samachar24