हिंदी हमारी संस्कृति और भावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति: जनपद न्यायालय में हुआ काव्य सम्मेलन
Gargachary Times
15 September 2026, 20:06
50 views
Firozabad
फिरोजाबाद। हिंदी दिवस के अवसर पर 14 सितंबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हिंदी भाषा के सम्मान एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जनपद न्यायालय परिसर में काव्य सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग और सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेश शिवा सहित न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।काव्य सम्मेलन में स्वदेशी समाज सेवा समिति के संस्थापक सचिव विवेक यादव, संरक्षक सदस्य शुभकांत यादव, सतीश समर्थ, हितेंद्र मित्र, यशपाल यश एवं देवीसिंह कुशवाह ने अपनी काव्य रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से हिंदी भाषा की गरिमा, साहित्यिक समृद्धि और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कवियों की प्रस्तुतियों का न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम में हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति सम्मान व आत्मीयता का माहौल रहा।इस अवसर पर हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि हिंदी हमारी संस्कृति, भावनाओं और सामाजिक एकता को अभिव्यक्त करने वाली सशक्त भाषा है। हिंदी का सम्मान करने के साथ ही दैनिक जीवन में इसका अधिकाधिक प्रयोग करना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कवियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। न्यायिक अधिकारियों, कवियों और कर्मचारियों की सहभागिता से हिंदी दिवस का आयोजन गरिमापूर्ण एवं यादगार रहा।